IPL 2026 के लिए 1355 खिलाड़ियों ने किया रजिस्ट्रेशन, इन दिग्गजों का नाम है लिस्ट में शामिल
IPL 2026 Auction के लिए 1355 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन किया है। इसमें ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज स्टीव स्मिथ और ऑलराउंडर कैमरोन ग्रीन के अलावा वेंकटेश अय्यर भी शामिल हैं, जिन्हें केकेआर ने रिलीज किया है। IPL 2026 Auction: इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 2026 के सीजन के मिनी ऑक्शन के लिए 1000 से ज्यादा खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन किया है। इनमें दर्जनों स्टार इंडियन प्लेयर्स शामिल हैं। इसके अलावा दर्जनों विदेशी सितारे भी शामिल हैं। मयंक अग्रवाल, केएस भरत, राहुल चाहर, रवि बिश्नोई, आकाश दीप, दीपक हुड्डा, सरफराज खान, शिवम मावी, वेंकटेश अय्यर, चेतन सकारिया, कुलदीप सेन, नवदीप सैनी, पृथ्वी शॉ, राहुल त्रिपाठी, उमेश यादव और संदीप वॉरियर कुछ बड़े भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने अबू धाबी में 16 दिसंबर को होने वाले ऑक्शन में हिस्सा लेने का फैसला किया है।
क्रिकबज के पास उस रजिस्ट्रेशन लिस्ट का एक्सेस है, जिसमें 1355 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन किया है। इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बड़े इंटरनेशनल प्लेयर्स से 13 पेज की एक्सेल शीट भरी हुई है। कैमरोन ग्रीन, मैथ्यू शॉर्ट और स्टीव स्मिथ उन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें खरीदार मिलने की उम्मीद है। जोश इंग्लिस, जिनकी शादी की वजह से अवेलेबिलिटी पक्की नहीं है, उन्होंने भी ऑक्शन के लिए रजिस्टर किया है। इस लंबी लिस्ट में इंग्लैंड के जेमी स्मिथ और जॉनी बेयरस्टो, न्यूजीलैंड के रचिन रविंद्र, श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा और मथीशा पथिराना जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।

