31,000 से अधिक बूथ, 4 जिले एवं 24 विधानसभा क्षेत्रों में 100% कार्य संपन्न

शत प्रतिशत पूर्ण करने वाले 188 बीएलओ सुपरवाइजर्स का किया जाएगा सम्मान

डेजर्ट टाइम्स न्यूज़ – जयपुर । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार प्रदेशभर में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)–2026 का कार्य तेजी, सटीकता और पूर्ण पारदर्शिता के साथ प्रगति पर है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन ने बताया कि प्रदेश में कुल 5 करोड़ 46 लाख 56 हजार 215 गणना प्रपत्रों में से 5 करोड़ 33 लाख से अधिक प्रपत्र ECI-Net पर अपलोड किए जा चुके हैं। यह निर्धारित अवधि से पूर्व ही 97.5 प्रतिशत उपलब्धि है, जो तकनीकी दक्षता, टीमवर्क और जिला स्तर पर सतत मॉनिटरिंग का परिणाम है।

शत कार्य पूरा करने वाले BLO की लिस्ट

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी दी कि प्रदेश के 31,000 से अधिक पोलिंग बूथों पर बीएलओ द्वारा 100 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। बाड़मेर, सलूंबर, बालोतरा और झालावाड़ जिलों में सभी गणना प्रपत्र पूर्णतः डिजिटाइज किए जा चुके हैं। इसी प्रकार 24 विधानसभा क्षेत्रों में भी 100 प्रतिशत प्रपत्र डिजिटाइज हो चुके हैं। ( सूची संलग्न)

शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करने वाले BLO एवं बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के पश्चात अब प्रदेश में अब तक शत प्रतिशत कार्य पूर्ण करने वाले बीएलओ सुपरवाइजर्स का सम्मान किया जा रहा है। दिनांक 2 दिसंबर 2025 को वीसी के माध्यम से मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान की उपस्थिति में जिला निर्वाचन अधिकारीगण कल 188 सुपरवाइजर्स को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करेंगे।

श्री महाजन ने सभी मतदाताओं से अपील की है कि समय पर गणना प्रपत्र भरकर अनिवार्य रूप से जमा कराएं। प्रदेश में अभी तक 92.5 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग हो चुकी है। यदि किसी कारणवश मैपिंग संभव नहीं हो पाती है, तब भी गणना प्रपत्र अवश्य जमा कराएं। केवल उन्हीं मतदाताओं के नाम 16 दिसंबर को जारी होने वाली ड्राफ्ट मतदाता सूची में सम्मिलित किए जाएंगे, जिन्होंने समय पर अपने प्रपत्र जमा करवाए हैं।