रतनगढ़ के रीको क्षेत्र स्थित हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में लगी आग – लाखों रुपए का सामान जलकर हुआ राख
डेजर्ट टाइम्स न्यूज़ – रतनगढ़. स्थानीय रतनगढ़ रीको औद्योगिक क्षेत्र की एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लगने पर लाखों का सामान जलकर राख हो गया। जानकारी के अनुसार रात करीब 1.30 बजे लगी आग ने हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री को चपेट में ले लिया और देखते ही देखते लकड़ी के इस कारखाने से आग की लपटे उठने लगी, जिससे बहुत सारा सामान जल गया।

सूचना पर रीको की दमकल मौके पर आ गई और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू जा सका लेकिन तब तक घटना में लाखों रुपए का नुकसान हो चुका था। एक महीने में इस क्षेत्र में यह दूसरी आगजनी की घटना है। रीको क्षेत्र में रोड़ नं दो पर स्थित माकड़ आर्ट हैंडीक्राफ्ट एंड फर्नीचर में शॉर्ट सर्किट होने से देर रात आग लग गई थी। फैक्ट्री बंद होने तथा उसमें एक भी कर्मचारी नहीं होने के कारण आग भड़क गई।
जब पास की फैक्ट्रियों के कर्मचारियों ने आग की लपटें देखी तो रीको संघ के अध्यक्ष धन्नाराम सुथार को घटना से अवगत करवाया। सुथार की सूचना पर दमकलें एवं फैक्ट्री के संचालक मुरलीधर माकड़ मौके पर पहुंचे। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। घटना में लाखों रुपए का फर्नीचर, लकड़ियां एवं मशीनें जल गई। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी एक नवंबर को रीको स्थित एक हैंडीक्राफ्ट फैक्ट्री में भी आग लग गई थी, उससे भी लाखों रुपए का नुकसान हुआ था।

