डीबी अस्पताल मे 22 महीनों में की 7 हजार 90 रागियों की सर्जरी – नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीम ने किए सर्वाधिक 3768 ऑपरेशन

डेजर्ट टाईम्स न्यूज. चूरू। डीबी अस्पताल में पिछले 22 महीनों में 7 हजार 90 रोगियों की सफल सर्जरी की गई है, जिससे अस्पताल की छवि में सुधार आया है। आमतौर पर सरकारी अस्पतालों से जुड़ी अव्यवस्थाओं की धारणा के विपरीत जिले के इस सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज अस्पताल में व्यवस्थाएं बेहतर हुई हैं।
नेत्र विशेषज्ञों ने किए सर्वाधिक ऑपरेशन
इन ऑपरेशनों में सर्जन डॉक्टरों की टीम ने 1532 सर्जरी कीं। वहीं, नेत्र रोग विशेषज्ञों की टीम ने सर्वाधिक 3768 ऑपरेशन किए, जिनमें से 3577 प्रमुख (मेजर) ऑपरेशन थे। इन सभी सर्जरी को आयुष्मान भारत योजना के तहत निःशुल्क किया गया।
14 लाख 28 हजार 12 रोगियों ने लिया स्वास्थ्य लाभ
पिछले 22 महीनों में अस्पताल में कुल 14 लाख 28 हजार 12 रोगियों का इलाज किया गया। अकेले वर्ष 2024 में 32 हजार 224 रोगियों को भर्ती कर उपचार प्रदान किया गया।
अस्पताल में रेफरल दर में भी उल्लेखनीय कमी आई है। डीबी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में वर्ष 2024 में 1374 रोगियों को भर्ती किया गया था, जिनमें से 504 को रेफर किया गया। इसके विपरीत वर्ष 2025 में 31 अक्टूबर तक 1285 रोगियों को भर्ती किया गया, और इनमें से केवल 260 को ही रेफर करना पड़ा।
इस प्रकार वर्ष 2024 की तुलना में वर्ष 2025 में 244 कम रोगियों को रेफर किया गया। अस्पताल से रेफर होने वाले रोगियों की संख्या में यह कमी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. एमएम पुकार के प्रयासों का परिणाम है। जनवरी 2025 में डॉ. पुकार को फिर से कॉलेज प्रिंसिपल बनाया गया, जिसके बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार हुआ। वर्ष 2024 की अपेक्षा 2025 में रेफरल अनुपात में 45 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
वर्ष 2025 में हुई कई बड़ी सर्जरी
डीबी अस्पताल के वर्ष 2024 व 2025 के अक्टूबर माह तक के आंकड़ों पर नजर डाली जाए तो 20 महिनों में 1432 सर्जरी हुई हैं। जिनमें कई जटिल ऑपरेशन कर रोगियों की जान बचाई गई हैं। वर्ष 2024 की अपेक्षा 2025 में 196 सर्जरी अधिक हुई हैं। जिससे अस्पताल की रेवन्यू भी बढ़ी हैं। इसके अलावा ईएनटी विभाग में भी सर्जरी की संख्या में बढ़ोतरी हुई है।