चूरू-जयपुर मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क की गुणवता का किया आंकलन – ट्राई ने सीकर सहित आसपास के क्षेत्रों को कवर करनेवाले नेटवर्क को जांचा
डेजर्ट टाइम्स न्यूज़-चूरू. भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण ट्राई की ओर से जयपुर चूरू राजमार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों में किए गए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट आईडीटी सबंधित कार्य की गुणवत्ता का आंकलन किया गया है।
जानकारी के अनुसार ट्राई ने अक्टूबर 25 के दौरान जयपुर-चूरू राजमार्ग, सीकर शहर तथा सालासर-रींगस सहित आसपास के क्षेत्रों में किए गए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट आईडीटी के निष्कर्ष जारी किए है। दूरसंचार सेवा प्रादाताओं टीएसपी की ओर से प्रदान की जानेवाली मोबाइल नेटवर्क सेवाओं वायॅस और डेटा दोनो की वास्तविक गुणवत्ता का आंकलन और सत्यापन के उद्देश्य से ड्राइव टेस्ट किया गया है।
204 किलोमीटर राजमार्ग पर किया परीक्षण –
जानकारी के अनुसार जयपुर कार्यालय की ओर से नियुक्त एजेंसी के माध्यम से राजस्थान राज्य लाइसेंसिंग सेवा क्षेत्र में 13 से 16 अक्टूबर तक 204.3 किलोमीटर लम्बे राष्ट्रीय राजमार्ग, शहरभर में 263.5 किलोमीटर ड्राइव में 8 हॉटस्पॉट स्थानों और 2.5 किलोमीटर पैदल परीक्षण सहित विस्तृत ड्राइव टेस्ट आयोजित किए गए। जयपुर चूरू राजमार्ग, सीकर शहर तथा सालासर और रींगस सहित आसपास के क्षेत्रों में परीक्षण किए गए।
जयपुर से खासोली तक –
भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण की ओर से किए गए आंकलन के क्रम में ड्राइव परीक्षण जयपुर से चूरू तक राष्ट्रीय राजमार्ग 52 पर गोविंदगढ़, पलसाना, बाजोर, रशीदपुरा, फतेहपुर, खोटिया और चूरू शहर के सीमा पर स्थित गांव खासोली आदि क्षेत्र से होकर गुजरा। सीकर शहर, सालासर और रींगस सहित आसपास के क्षेत्र में 14 से 16 अक्टूबर तक ड्राइव टेस्ट किया गया।
महत्वपूर्ण क्षेत्रों को किया कवर –
प्राधिकरण की ओर से सीकर में आयोजित ड्राइव टेस्ट में सीकर शहर के सभी महत्वपूर्ण क्षेत्रों को कवर किया गया। जिसमें रींगस, ढींगपुर, खूड़, नेछवा, खाटू, सुभाष चौक, तिलक नगर, राधाकिशनपुरा, जयपुर-झुंझुनूं बाईपास, सबलपुरा, सालासर-सीकर रोड, जुलियासर, जाजोद और गारोड़ा आदि क्षेत्रों को शामिल किया गया।
इसी क्रम में आईडीटी की रिपोर्ट के क्रम में निष्कर्षों को संबंधित दूरसंचार सेवा प्रदाताओं टीएसपी के साथ साझा किया गया है। ताकि आवश्यकता पडऩे पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सकें। इसकेलिए आईडीटी की विस्तृत रिपोर्ट ट्राई की वेबसाइट पर उलब्ध करवाई गई हैं।

