चूरू नगर परिषद सभापति चुनाव: सालासर कैंप में भाजपा का महामंथन

राजेंद्र राठौड़ ने संभाली कमान
डेजर्ट टाइम्स न्यूज ।​
​सालासर कैंप में रणनीति: 30 भाजपा और 4 निर्दलीय पार्षदों की बाड़ेबंदी, जीत की रूपरेखा तैयार।
​राठौड़ का वन-टू-वन संवाद: पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने हर पार्षद से अलग-अलग की रायशुमारी।
​चार प्रमुख दावेदार: पूर्व सभापति विजय शर्मा, अभिषेक चोटिया, विनय गोयनका और अनुराग शर्मा के नामों पर चर्चा।
​हाईकमान को पैनल: तीन नामों का पैनल आज ही भाजपा प्रदेश मुख्यालय भेजा जाएगा।
​सालासर (डेजर्ट न्यूज)। चूरू नगर परिषद में शहरी सरकार के गठन को लेकर सियासी सरगर्मियां चरम पर हैं। सालासर में लगाए गए भाजपा के कैंप में मंगलवार को दिनभर बैठकों का दौर चला। पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और चूरू विधायक हरलाल सहारण के नेतृत्व में पार्टी पदाधिकारियों ने पार्षदों के साथ सभापति उम्मीदवार के चयन को लेकर गहन विचार-विमर्श किया।
​

राजेंद्र राठौड़ की पसंद पर लगेगी मुहर –
सभापति चुनाव की पूरी कमान खुद राजेंद्र राठौड़ ने अपने हाथों में ले रखी है। राठौड़ ने कैंप में मौजूद भाजपा के 30 और 4 निर्दलीय पार्षदों से ‘वन-टू-वन’ बात कर उनका फीडबैक लिया। राजनीतिक जानकारों के अनुसार, चूरू में सभापति वही बनेगा जिस पर राठौड़ की सहमति होगी। पार्षदों का रुख पूरी तरह से उनके निर्णय के साथ जुड़ा हुआ माना जा रहा है।

​सामान्य वर्ग के इन नामों पर सबसे ज्यादा फोकस –
अनारक्षित सीट होने के कारण सामान्य श्रेणी के प्रमुख चेहरों पर मंथन किया गया:
​विजय शर्मा (पूर्व सभापति)
​अभिषेक चोटिया
​विनय गोयनका
​अनुराग शर्मा
​

सीधे वोटिंग के दिन चूरू लौटेंगे पार्षद –
पार्टी सूत्रों के अनुसार, संभावित उम्मीदवारों में से आज ही तीन नामों का अंतिम पैनल बनाकर जयपुर स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय को भेजा जाएगा। प्रदेश नेतृत्व से हरी झंडी मिलने के बाद अधिकृत प्रत्याशी की घोषणा होगी और नामांकन पत्र दाखिल किया जाएगा। क्रॉस वोटिंग से बचने के लिए कैंप में मौजूद सभी पार्षद मतदान के दिन एक साथ सालासर से चूरू पहुंचेंगे। राठौड़ न केवल चूरू, बल्कि संभाग के अन्य निकायों में भी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए शीर्ष नेतृत्व के साथ लगातार तालमेल बनाए हुए हैं।